

ललित जैन राणापुर
वर्तमान गच्छाधिपति आचार्य भगवंत श्री नित्यसेन सूरीश्वर जी महाराज साहेब एवं आचार्य श्री जयरत्न सूरीश्वर जी महाराज साहेब की पावन प्रेरणा से, युगप्रधान आचार्य भगवंत श्रीमद् विजय राजेंद्रसूरीश्वर जी महाराज साहेब के 200वें जन्मोत्सव को अखिल भारतीय श्री राजेंद्र जैन नवयुवक परिषद् द्वारा ‘युगोत्सव’ के रूप में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।परिषद् के ललित जैन ने बताया कि इसी श्रृंखला के अंतर्गत आज गुरुवार को स्थानीय श्री जयप्रकाश सालेचा के निवास स्थान पर भव्य भक्ति आराधना का आयोजन किया गया। इस आयोजन की विशेषता यह रही कि इसमें श्वेतांबर जैन समाज के साथ-साथ नगर के अग्रवाल समाज एवं पोरवाल समाज के गणमान्य सदस्यों ने भी सपरिवार उपस्थित होकर सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश की।
श्रद्धा और भक्ति का संगम
शाम 7:30 बजे से आयोजित इस आराधना में सामूहिक रूप से महामंत्र नवकार का जाप किया गया। इसके पश्चात उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने पूरी श्रद्धा के साथ गुरु मंत्र और गुरु गुण इक्कीसा का पाठ किया। अंत में भावपूर्ण गुरु आरती उतारकर सभी ने धर्म लाभ लिया।
प्रति गुरुवार घर-घर गूंजती है गुरु महिमा
ललित जैन ने आगे जानकारी दी कि परिषद् द्वारा गुरुदेव के इस ऐतिहासिक 200वें जन्म वर्ष को यादगार बनाने के लिए प्रति गुरुवार समाज के अलग-अलग परिवारों के निवास स्थान पर इस विशेष भक्ति आराधना का आयोजन किया जा रहा है, ताकि गुरुदेव के सिद्धांतों और भक्ति का प्रसार घर-घर तक हो सके।
आभार प्रदर्शन
कार्यक्रम के सफल समापन पर श्री राजेंद्र जैन नवयुवक परिषद्, शाखा राणापुर एवं श्री मुनिसुव्रत स्वामी जिनालय ने सालेचा परिवार का सप्रेम आभार व्यक्त किया। साथ ही, पधारे हुए अग्रवाल एवं पोरवाल समाज के सभी अतिथियों और धर्मप्रेमी जनता का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
