
मालवा न्यूज नेटवर्क राणापुर, ललित जैन
राणापुर की नई मुस्लिम कॉलोनी में पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर शनिवार को दो गुटों के बीच जमकर तांडव हुआ। इस हिंसक झड़प में न केवल लोग लहूलुहान हुए, बल्कि निजी संपत्ति को भी काफी नुकसान पहुँचाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बलवे की धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप
राणापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली नई मुस्लिम कॉलोनी में दो परिवारों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। पिछले दो दिनों से चल रही खींचतान ने आज दोपहर अचानक हिंसक मोड़ ले लिया। दोनों पक्षों की ओर से हुए पथराव और लाठी-डंडों के हमले में इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
वाहनों में तोड़फोड़ और संपत्ति का नुकसान
विवाद के दौरान उपद्रवियों ने सड़क पर खड़े वाहनों को भी निशाना बनाया। पथराव और तोड़फोड़ की इस घटना में एक कार और मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हुई हैं। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो में उपद्रवी ईट पत्थर के साथ वाहन पर वार करते नजर आ रहे हैं।
टी.आई. दिनेश रावत का आधिकारिक बयान
मामले की जानकारी देते हुए राणापुर थाना प्रभारी (T.I.) दिनेश रावत ने बताया कि:
”जमीन के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में झड़प हुई है। इस घटना में दोनों पार्टियों की ओर से 4-4 लोग (कुल 8) घायल हुए हैं। पुलिस ने फिलहाल एक पक्ष की ओर से एफ.आई.आर. (FIR) दर्ज हुई है जिसमें 15 लोगों के खिलाफ कायमी की गई है । आरोपियों के खिलाफ 296(A),115(2),351(3),109(1),125,324(2),191(3) धाराओं में कायमी की गई हैं। वाहनों में तोड़फोड़ की जानकारी भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।”
फिलहाल शांति पुलिस बल है तैनात
घटना के बाद से इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। टी.आई. ने स्पष्ट किया है कि वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और शहर की शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है।
