
ललित जैन रानापुर (मालवा न्यूज़ नेटवर्क):
अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने मध्यप्रदेश के सभी जिलों में संगठन को मजबूती देने के लिए नई नियुक्तियों की घोषणा की है। इसी क्रम में झाबुआ जिले की कमान पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया विधायक विक्रांत भूरिया जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रकाश रांका की सहमती से रानापुर के सक्रिय और जमीनी कार्यकर्ता धन्नालाल गेहलोत को सौंपी गई है। उन्हें भोपाल बुलाकर विधिवत नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया और अनुसूचित जाति विभाग का नवनियुक्त जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
मालवा न्यूज़ नेटवर्क से विशेष चर्चा
भोपाल में नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद धन्नालाल गेहलोत ने मालवा न्यूज़ नेटवर्क से चर्चा करते हुए अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि:
”पार्टी नेतृत्व ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, मैं उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करूँगा। मेरी प्राथमिकता समाज के हितों के लिए संघर्ष करना और संगठन के प्रति पूरी निष्ठा से कार्य करना है। अब जिम्मेदारी बड़ी है, जिसे पूरे जिले में बखूबी निभाऊँगा।”
पार्षद से जिला अध्यक्ष तक का सफर
गौरतलब है कि धन्नालाल गेहलोत नगर परिषद रानापुर के वार्ड पार्षद हैं और नगर की समस्याओं को लेकर हमेशा मुखर रहे हैं। उनकी कार्यशैली को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें जिला स्तर की बड़ी जिम्मेदारी के लिए चुना है।
कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल
उनकी इस नियुक्ति पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश डामोर और शहर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गाहरी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि भोपाल से मिली इस नई जिम्मेदारी के बाद जिले में अनुसूचित जाति विभाग और अधिक सक्रियता से कार्य करेगा।
