मालवा न्यूज नेटवर्क राणापुर

मानवता और जीव दया के संस्कारों को संजोते हुए, टांडा निवासी पलक श्रीश्रीमाल ने अपने जन्मदिवस को सेवा कार्य के साथ मनाया। पलक ने इस अवसर पर श्री राज राजेंद्र जयंत गौपाल गौशाला में एक गाय भेंट कर उसे जीवनदान दिया।
परिषद के सेवा कार्यों से मिली प्रेरणा एवं साध्वी जी का मिला मार्गदर्शन
पलक ने बताया कि राणापुर में विराजित साध्वी श्री अन्नतदृष्टा श्रीजी एवं साध्वी श्री मयूरकला श्रीजी म.सा. आदि ठाणा 36 के मिले मार्गदर्शन एवं राणापुर की अभा श्री राजेंद्र जैन नवयुवक परिषद शाखा (श्री मुनिसुव्रत स्वामी जिनालय) द्वारा निरंतर किए जा रहे जीव दया के कार्यों से मिली प्रेरणा व परिषद द्वारा समाज और बेजुबान पशुओं के लिए किए जा रहे सेवा प्रकल्पों से प्रभावित होकर ही उन्होंने अपने जन्मदिन पर फिजूलखर्ची के बजाय गौ सेवा का मार्ग चुना।
धार्मिक निष्ठा और सेवा का संगम
गौरतलब है कि पलक श्रीश्रीमाल धार्मिक क्रियाओं में भी गहरी रुचि रखती हैं। उन्होंने हाल ही में कठिन मानी जाने वाली ‘नववाणु यात्रा’ भी पूर्ण की थी। आज उनके जन्मदिवस और लाभार्थी परिवार (टांडा) के इस सेवा भाव के अवसर पर श्री संघ के वरिष्ठ श्री दिनेश नाहर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने पलक के इस कदम की सराहना करते हुए इसे युवा पीढ़ी के लिए एक मार्गदर्शक उदाहरण बताया।
