
ललित जैन राणापुर
नगर परिषद द्वारा नगर की जल व्यवस्था को सुचारू रखने के निरंतर प्रयासों के बीच, पिछले कुछ समय से सूचना के अभाव के कारण नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि नगर में दो दिन छोड़कर जल प्रदाय की व्यवस्था लागू है, लेकिन कभी-कभी अपरिहार्य तकनीकी कारणों से समय पर पानी की सप्लाई नहीं हो पाती है। पिछले एक दो माह में कई बार जल प्रदाय व्यवस्था प्रभावित होने पर सूचना नगर वासियों को नहीं मिल पाती है जिससे नागरिक ज्यादा आक्रोशित हो रहे है ।
समय पर सूचना की दरकार
शहरवासियों का कहना है कि जल प्रदाय का समय तड़के सुबह का होने के कारण, पुरुष और महिलाएं बड़ी उम्मीद के साथ जल्दी उठकर नलों का इंतजार करते हैं। ऐसे में यदि किसी तकनीकी खराबी या बिजली गुल होने के कारण सप्लाई प्रभावित होती है, तो पूर्व सूचना न मिलने से जनता में स्वाभाविक रूप से निराशा और आक्रोश उत्पन्न होता है। जागरूक नागरिकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से परिषद प्रशासन से अनुरोध किया है कि सूचना तंत्र को मजबूत किया जाए ताकि नागरिकों का कीमती समय और सुबह की नींद खराब होने से बच सके।
अध्यक्ष का पक्ष: विद्युत बाधा बनी कारण
इस पूरे विषय पर संज्ञान लेते हुए नगर परिषद अध्यक्ष सुश्री दीपमाला नलवाया ने वस्तुस्थिति स्पष्ट करते हुए कहा:
”नगर परिषद राणापुर शहरवासियों को नियमित जल प्रदाय के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बीती देर रात अचानक एक बड़ा पेड़ गिर जाने के कारण विद्युत सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हो गई, जिसके चलते जल प्रदाय संयंत्र को बिजली नहीं मिल सकी और सप्लाई बाधित हुई। इस तकनीकी और प्राकृतिक बाधा के कारण नागरिकों को जो असुविधा हुई, उसके लिए हम क्षमाप्रार्थी हैं।”
उन्होंने आगे आश्वासन देते हुए कहा, “हमने विभाग को निर्देशित किया है कि भविष्य में ऐसी किसी भी आपात स्थिति या तकनीकी खराबी की जानकारी सोशल मीडिया समूहों और मुनादी के माध्यम से समय रहते जनता तक पहुँचाई जाए। डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर हम सूचना तंत्र को और अधिक पारदर्शी बनाएंगे ताकि जनता और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल बना रहे।”
