ललित जैन राणापुर
राणापुर। स्थानीय शनि मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आस्था और कला का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहाँ भगवान शनि देव का भगवान शिव के रूप में अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
रुई से सजा कैलाश सा नजारा
इस विशेष आयोजन में शनि देव को शिव अवतार में प्रस्तुत किया गया। पूरे दरबार को सफेद कपास (कॉटन) से सजाया गया था, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो भगवान स्वयं कैलाश पर्वत पर विराजमान हों। मंदिर परिसर में 12 ज्योतिर्लिंगों की सुंदर झांकी भी सजाई गई थी, जो आकर्षण का केंद्र रही। इस विशेष श्रृंगार के मुख्य लाभार्थी बंसीलाल नारायण जी राठौड़ रहे।
युवाओं की मेहनत और पुजारी का सहयोग
इस नयनाभिराम झांकी को तैयार करने में समाज के युवाओं ने कड़ी मेहनत की। अनिल नारायणलाल राठौड़, राजा अशोक राठौड़ और हॄदयांश अनिल राठौड़ ने पुजारी आशीष जोशी के मार्गदर्शन में घंटों परिश्रम कर इस मनोहारी दृश्य को साकार किया। मंदिर आने वाले हर श्रद्धालु ने इस रचनात्मकता और भक्ति भाव की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
