ललित जैन राणापुर
नगर की सड़कों पर बढ़ते बाइक शोर और जानलेवा रफ्तार के मुद्दे को लेकर स्थानीय नागरिकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को देखते हुए, क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों ने थाना प्रभारी दिनेश रावत को इस गंभीर समस्या से अवगत करवाया।
थाना प्रभारी का आश्वासन:
नागरिकों की शिकायत और निवेदन पर संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी दिनेश रावत ने सकारात्मक रुख अपनाया है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि वर्तमान में महामहिम राज्यपाल जी के झाबुआ दौरे की सुरक्षा व्यवस्थाओं में पुलिस बल की व्यस्तता है। जैसे ही यह दौरा संपन्न होता है, राणापुर पुलिस उन तमाम बाइकर्स पर कड़ी कार्रवाई करेगी जो मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज रफ्तार से सड़कों पर आतंक फैला रहे हैं।
मुख्य बिंदु:
- बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा: नागरिकों ने बताया कि अचानक बाइक से होने वाले ‘पटाखे’ जैसे धमाकों से बुजुर्गों के दिल की धड़कन बढ़ जाती है और बच्चे सहम जाते हैं।
- पुलिस की तैयारी: थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद अब नगरवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही राणापुर की सड़कें सुरक्षित और शांत होंगी।
- सख्त कार्रवाई की मांग: लोगों ने मांग की है कि केवल चालान ही न काटा जाए, बल्कि ऐसे साइलेंसरों को मौके पर ही निकलवाकर नष्ट किया जाए।

