
ललित जैन राणापुर।
मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के राणापुर थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस ने नवदंपति के साथ हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का खुलासा करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर 3 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए करीब 4 लाख रुपये कीमत के चांदी के आभूषण और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की चोरी की पल्सर सहित दो मोटरसाइकिलें और हथियार बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 08 मई 2026 की शाम करीब 4:00 बजे की है। फरियादी अर्जुन (19 वर्ष) पिता मनिया सिंगाड़, निवासी ग्राम खेड़ा अधारवाड़ अपनी पत्नी मैना सिंगाड़ के साथ राणापुर से साप्ताहिक हाट-बाजार करके वापस अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान चौकी कंजावानी क्षेत्र के ग्राम सनोड़ के पास धोबड़ा नदी की पुलिया पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए चार अज्ञात बदमाशों ने आगे से आकर अर्जुन की मोटरसाइकिल को लात मारकर गिरा दिया।
बदमाशों ने नवदंपति को डरा-धमकाकर अर्जुन की जेब से काले रंग का पर्स छीन लिया, जिसमें ₹250 व पहचान पत्र थे। इसके बाद लुटेरों ने अर्जुन के हाथ में पहना चांदी का कड़ा (भुरिया) तथा उसकी पत्नी मैना के हाथ की चांदी की चूड़ियां, कमर का कंदौरा और गले में पहनी तागली जबरन लूट ली। लूटे गए चांदी के आभूषणों की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी गई थी। फरियादी की सूचना पर थाना राणापुर में अपराध क्रमांक 250/2025 धारा 309(4) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र कुमार पाटीदार द्वारा आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हेतु सख्त निर्देश जारी किए गए थे। इसी अनुक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपालसिंह मोहबिया एवं एसडीओपी झाबुआ श्री कमलेश शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राणापुर श्री दिनेश रावत द्वारा विशेष टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया, साथ ही घटनास्थल से सायबर एक्सपर्ट टीम द्वारा पी.एस.टी.एन. (PSTN) डाटा का सूक्ष्मता से तकनीकी अवलोकन किया गया। इस वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस संदिग्ध मोबाइल नंबरों तक पहुंची, जिससे आखिरकार वारदात में शामिल तीन मुख्य आरोपियों राकेश उर्फ रहेश पिता केरम सिंह बामनिया (निवासी कट्ठीवाड़ा), अजित पिता भीमला गाणावा (निवासी चंद्रशेखर आजाद नगर) और मुकेश पिता रमन मोहनीय (निवासी राणापुर) को घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया। पुलिस द्वारा की गई सघन पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से फरियादी दंपति से लूटे गए चांदी के गहने शत-प्रतिशत बरामद किए हैं,… जिनका कुल वजन करीब 1.5 किलोग्राम है और कीमत लगभग ₹4 लाख है। इसके साथ ही वारदात में प्रयुक्त 2 लाख रुपये कीमत की दो मोटरसाइकिलें और डराने के लिए इस्तेमाल किया गया एक धारदार फालिया भी जप्त किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल चोरी की है, जिसके संबंध में गहन विवेचना व अन्य वाहन चोरियों के बारे में पूछताछ जारी है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी वर्तमान में फरार है, जिसकी पुलिस द्वारा सरगर्मी से तलाश की जा रही है, जिसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
इस चुनौतीपूर्ण केस का त्वरित खुलासा करने में थाना राणापुर प्रभारी निरीक्षक श्री दिनेश रावत, चौकी प्रभारी कंजावानी सहायक उपनिरीक्षक मनीष कुमार, प्रधान आरक्षक 62 रतन मोर्य, आरक्षक 591 सोहन, आरक्षक 615 ऐलामसिंह एवं आरक्षक 607 दिनेश भयड़िया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय रही।
