

ललित जैन राणापुर
दादा गुरुदेव श्रीमद विजय राजेंद्र सूरीश्वरजी के द्विशताब्दी वर्ष युगोत्सव के उपलक्ष्य में श्री राजेंद्र जैन नवयुवक परिषद, श्री मुनिसुव्रत स्वामी जिनालय तथा त्रिस्तुतिक जैन श्रीसंघ के संयुक्त प्रयास में पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी अभियान चलाया जा रहा है। बीआरसी कार्यालय उदयगढ़ परिसर से शुरू हुए इस अभियान के तहत संस्था ने प्रकृति संरक्षण और हरित वातावरण के निर्माण के लिए 200 पौधे रोपने का संकल्प लिया है।
इसी कड़ी में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस थाना परिसर में गरिमामय पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी दिनेश रावत एवं पुलिस स्टाफ ने परिषद पदाधिकारियों के साथ मिलकर थाना परिसर में पौधे रोपे। पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर श्रीसंघ एवं परिषद परिवार द्वारा थाना प्रभारी दिनेश रावत का पंचरंगी दुपट्टा ओढ़ाकर एवं पुण्य सम्राट का प्रतीक चिन्ह भेंट कर भावभरा बहुमान किया गया। थाना प्रभारी ने नवयुवक परिषद व श्रीसंघ द्वारा समाजहित में चलाए जा रहे इस हरित अभियान की मुक्तकंठ से सराहना की।
इस पुनीत कार्य में परिषद अध्यक्ष प्रवीण नाहर, वरिष्ठ दिनेशचंद्र नाहर, दिलीप सालेचा, कमलेश नाहर, जितेंद्र सालेचा, अनिल नाहर, कल्पेश जैन, पवन नाहर, योगेंद्र सालेचा, शैलेन्द्र कटारिया सहित पाठशाला के बच्चे, थाना स्टाफ एवं समाजजन उपस्थित रहे।
