ललित जैन, राणापुर

देशव्यापी आह्वान पर आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राणापुर और शहर कांग्रेस ने क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को लेकर हुंकार भरी। बढ़ती महंगाई, बिजली दरों में बढ़ोतरी और गैस-पेट्रोल की भारी किल्लत के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए तहसील कार्यालय का घेराव किया और राज्यपाल के नाम तहसीलदार हुकमसिंह निगवाल को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में उठाए गए प्रमुख गंभीर मुद्दे:

  • गैस सिलेंडर में ₹60 की वृद्धि और किल्लत: ज्ञापन में बताया गया कि सरकार द्वारा गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये से अधिक की वृद्धि कर दी गई है। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने से आम जनता का घरेलू बजट बिगड़ गया है। छोटे व्यवसायी, रेस्टोरेंट और कुटीर उद्योग बंद होने की कगार पर हैं।
  • धार्मिक और सामाजिक कार्यों पर असर: गैस की अनुपलब्धता के कारण भंडारे, सामाजिक भोज और वैवाहिक कार्यक्रमों में भोजन व्यवस्था प्रभावित हो रही है। यहाँ तक कि आदिवासी क्षेत्रों में गैस न होने से छोटी फैक्ट्रियां बंद हो गई हैं और मजदूर बेरोजगार हो रहे हैं।
  • खेती-किसानी पर संकट: वर्तमान में फसलों की कटाई और जुताई का कार्य चरम पर है। ऐसे समय में पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें लग रही हैं और डीजल की कमी के कारण किसानों के कृषि कार्य पूरी तरह ठप पड़ गए हैं।
  • बिजली दरों में बढ़ोतरी: कांग्रेस ने बिजली दरों में की गई बेतहाशा बढ़ोतरी को तुरंत वापस लेने की मांग की है।

नेताओं के बोल:

​ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश डामोर और शहर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गाहरी ने संयुक्त रूप से कहा कि “भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आज हर वर्ग परेशान है। एक तरफ दाम बढ़ाए जा रहे हैं और दूसरी तरफ जनता को मूलभूत सुविधाएँ (ईंधन और बिजली) भी नहीं मिल पा रही हैं।”

इनकी रही मौजूदगी:

​इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश डामोर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गाहरी, योगी ठेकेदार, मानसिंह वसुनिया, रमेश मेडा, विजय शाह, रक सिंह भाबोर, खेलू भांबोर, प्रकाश परमार एवं नारायण जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो आगामी दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।