ललित जैन राणापुर
राणापुर के साप्ताहिक हाट बाजार को लेकर प्रशासन ने एक ऐसा बड़ा फैसला ले लिया है, जिससे सालों पुरानी व्यवस्था पूरी तरह बदलने जा रही है। अब नगर का प्रसिद्ध साप्ताहिक हाट बाजार अपने पुराने ठिकाने पर नहीं, बल्कि कृषि उपज मंडी परिसर में लगेगा। यह फैसला एसडीएम महेश मंडलोई ने सब्जी मंडी और कृषि उपज मंडी का अचानक निरीक्षण करने के बाद लिया है।

दुकानदारों ने जताई आपत्ति, पर एसडीएम ने दो टूक कहा…

निरीक्षण के दौरान जैसे ही सब्जी विक्रेताओं को इस बदलाव की भनक लगी, उन्होंने नई जगह पर दुकानें लगाने में आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों और असुविधाओं का हवाला देकर अपनी चिंता जताई। दुकानदारों ने अपनी बात मनवाने की कोशिश भी की, लेकिन एसडीएम महेश मंडलोई ने स्पष्ट रुख अपनाते हुए साफ कह दिया कि ‘एक बार हाट यहीं लगेगा।’ हालांकि, उन्होंने दुकानदारों को ढाढस बंधाते हुए आश्वासन दिया:

“शुरुआत में जो भी परेशानियां या कमियां सामने आएंगी, उन्हें नगर परिषद के माध्यम से तत्काल सुधार दिया जाएगा। किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है।”

सीएमओ को मिले सख्त निर्देश: ‘तुरंत हटवाएं झाड़ियां, चमकाएं मंडी’

फैसले के तुरंत बाद एसडीएम ने नगर परिषद के सीएमओ मिलन पटेल को एक्शन मोड में आने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडी परिसर में तुरंत जेसीबी मशीन लगाकर समतलीकरण (लेवलिंग) का काम शुरू किया जाए और वहां उगी झाड़ियों को साफ किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने पीने के पानी, शौचालय और लाइटिंग की व्यवस्था को दुरुस्त करने और दुकानों का आवंटन पूरी तरह व्यवस्थित ढंग से करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

मुक्तिधाम की व्यवस्थाओं का भी किया औचक निरीक्षण

एसडीएम मंडलोई का यह दौरा सिर्फ मंडी तक ही सीमित नहीं रहा। सब्जी मंडी और कृषि उपज मंडी का बारीकी से मुआयना करने के बाद वे अचानक मुक्तिधाम की व्यवस्थाएं देखने भी पहुंच गए। वहां की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने संबंधित अमले को कमियां दूर करने की हिदायत दी।

मौके पर मौजूद रहा अमला

प्रशासन के इस बड़े कदम के दौरान मौके पर तहसीलदार हुकमसिंह निगवाल, नगर परिषद के अध्यक्ष प्रतिनिधि दिलीप नलवाया, इंजीनियर अर्पित हटीला सहित नगर परिषद का पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद था, जो आगे की तैयारियों में जुट गया है।