कमलेश नाहर मालवा न्यूज नेटवर्क राणापुर
जिले के कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने शुक्रवार को राणापुर बस स्टैंड एवं आसपास के बाजार क्षेत्र का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वर्तमान में बस स्टैंड पर बसों के आवागमन और उनके खड़े रहने में भारी कठिनाई आ रही है। बेतरतीब ढंग से खड़े हाथ ठेले और दोपहिया वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग ने बस स्टैंड की सूरत बिगाड़ कर रख दी है। बस स्टैंड की इस बदइंतजामी को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को तत्काल एक ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं, जिसके बाद अब बस स्टैंड की व्यवस्थाएं सुधरने की उम्मीद जाग गई है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के साथ तहसीलदार हुकुमसिंह निगवाल, नगर परिषद अध्यक्ष दीपमाला नलवाया और प्रभारी सीएमओ मिलन पटेल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन

कलेक्टर डॉ. भरसट ने बस स्टैंड परिसर में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, यात्री प्रतीक्षालय और यातायात व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर ही एसडीएम और सीएमओ को कड़े लहजे में निर्देशित करते हुए कहा कि यात्रियों एवं आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यात्रियों और दुकानदारों से सीधा संवाद

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केवल अधिकारियों की रिपोर्ट पर भरोसा न करते हुए, खुद बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों, स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनसे सीधा संवाद किया। उन्होंने यात्रियों से पूछा कि यात्रा के दौरान उन्हें किन-किन व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। चर्चा के दौरान जहां कुछ लोगों ने वर्तमान व्यवस्थाओं पर संतोष जताया, वहीं कई नागरिकों ने साफ-सफाई की कमी, यातायात जाम और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को खुलकर सामने रखा। कलेक्टर ने इन सभी समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को पाबंद किया।

डिजिटल रिकॉर्ड से होगी मॉनिटरिंग

अव्यवस्थाओं को जड़ से खत्म करने के लिए कलेक्टर ने पूरे क्षेत्र की फोटो और वीडियोग्राफी करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस डिजिटल रिकॉर्ड के जरिए भविष्य में सुधार कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाएगी। इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों से फीडबैक और सुझाव भी लिए।

‘गड़ी’ में बनेगा नया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स

बस स्टैंड के अलावा कलेक्टर ने पुराने नगर परिषद कार्यालय ‘गड़ी’ का भी मुआयना किया। इस स्थान पर नगर परिषद द्वारा एक आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना है, जिसके संबंध में उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन की इस त्वरित और जमीनी पहल की स्थानीय नागरिकों ने जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि शीर्ष अधिकारियों का इस तरह सीधे मौके पर पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनना एक बेहद सकारात्मक कदम है। जनता को पूरी उम्मीद है कि इस निरीक्षण के बाद राणापुर बस स्टैंड और बाजार क्षेत्र की तस्वीर जल्द ही बदलेगी।