​ललित जैन राणापुर

शिक्षा के क्षेत्र में राणापुर की बेटी डॉ. रिद्धि माहेश्वरी ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर नगर और जिले का नाम रोशन किया है। इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) में आयोजित भव्य दीक्षांत समारोह में डॉ. रिद्धि को रसायन शास्त्र (Chemistry) में पीएचडी (PhD) की उपाधि से नवाजा गया।
​राज्यपाल ने प्रदान किया सम्मान
​यह उच्च शैक्षणिक सम्मान मध्य प्रदेश के माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति मंगू भाई पटेल के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया। गरिमामय समारोह के दौरान मंच पर पद्मश्री नारायण व्यास, इंदौर सांसद शंकर लालवानी, कुलगुरु डॉ. राकेश सिंघाई एवं कुलसचिव प्रज्वल खरे जैसे प्रबुद्ध जन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
​शिक्षा जगत में गौरव का क्षण
​अतिथियों ने डॉ. रिद्धि की इस कठिन शैक्षणिक यात्रा और शोध कार्य की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। राणापुर जैसे छोटे शहर से निकलकर शोध के क्षेत्र में उच्चतम डिग्री प्राप्त करना न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा और गौरव का विषय है।
​शुभकामनाओं का लगा तांता
​इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर डॉ. रिद्धि माहेश्वरी के परिवार, माहेश्वरी समाज के सदस्यों और मित्रों में हर्ष का माहौल है। उनकी इस सफलता पर शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए कहा कि डॉ. रिद्धि ने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प से किसी भी शिखर को छुआ जा सकता है।